दो बेटों ने मिलकर दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला के बेटों ने अपनी ही मां के प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार अहिवारा निवासी महिला कुछ माह पहले अपने पति से अलग हो गई थी और पति से अलग होने के बाद वह बलविंदर नामक व्यक्ति के साथ बिना शादी किए रह रही थी। महिला का यह लिव-इन रिश्ता उसके बेटों को बिल्कुल भी मंजूर नहीं था। अक्सर इसी बात को लेकर घर में विवाद होता रहता था।

बताया जा रहा है कि बलविंदर अक्सर महिला से मिलने के लिए उसके घर आया करता था। लेकिन मंगलवार की देर रात जब वह महिला से मिलने पहुंचा, तभी बेटों के साथ उसका विवाद और बढ़ गया। गुस्से में आए दोनों बेटों ने घर में रखे फावड़े से बलविंदर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल बलविंदर को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी अभिषेक झा के मुताबिक प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद का प्रतीत होता है। मां के किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने की बात को लेकर बेटों की नाराजगी ही इस हत्या की वजह बनी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

By editor