दुर्ग जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है… जहां एक चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि ट्रक कुम्हारी से रायपुर की ओर जा रही थी और उसमें कोयला लदा हुआ था। जैसे ही ट्रक खारुन नदी के पुल के बीचों-बीच पहुंची, अचानक धुआं उठने लगा।
धुआं देखकर ड्राइवर ने तुरंत सूझबूझ दिखाई, ट्रक को बीच सड़क पर रोककर नीचे उतर गया। जांच करने पर पता चला कि ट्रक में लदे कोयले के अंदर आग सुलग रही थी। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी ट्रक धधक उठी।
आग की लपटें आसमान छूने लगीं और दूर-दूर तक धुआं फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं दमकल विभाग को भी तत्काल सूचित किया गया। फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई हैं।
फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह रही कि ड्राइवर समय रहते ट्रक से उतर गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

