दुर्ग रेंज में साइबर अपराधों से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज, श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) द्वारा रेंज साइबर थाना एवं साइबर ट्रेनिंग सेंटर भवन हेतु चयनित भूमि का विधिवत पूजन किया गया।
यह कार्यक्रम महिला थाना सेक्टर-06 के बगल में आयोजित किया गया, वहीं रक्षित केंद्र दुर्ग में नवनिर्मित दधीचि प्रशिक्षण हॉल का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग, श्री विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम और उनकी प्रभावी विवेचना के लिए विशेषीकृत प्रशिक्षण बेहद आवश्यक है। साइबर थाना और साइबर ट्रेनिंग सेंटर के निर्माण से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा सकेगा, जिससे बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में यहां साइबर अपराध, तकनीकी जांच, डिजिटल फॉरेंसिक और अन्य आधुनिक विषयों पर नियमित प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे, जिससे पुलिस की कार्यकुशलता और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आयूसीएडब्ल्यू) श्रीमती पद्मश्री तंवर, उप पुलिस अधीक्षक लाइन चंद्रप्रकाश तिवारी, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा, साइबर रेंज थाना प्रभारी उप निरीक्षक संकल्प राय, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक नीता राजपूत सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर, दुर्ग रेंज में साइबर थाना और प्रशिक्षण केंद्र की यह पहल डिजिटल अपराधों के खिलाफ पुलिस को और अधिक सक्षम बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

