दुर्ग ज़िले में शिक्षा के नए सत्र की शुरुआत आज हर्ष और उल्लास के साथ हुई।
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम जे.आर.डी. बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला में आयोजित हुआ जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम, जिसमें जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि सांसद श्री विजय बघेल और कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने बच्चों के साथ इस उल्लासमय पल को साझा किया।
नन्हे-मुन्ने आंगनबाड़ी बच्चों का तिलक, माला और मिठाई से पारंपरिक स्वागत किया गया।
वहीं, पहली, छठवीं और नवमीं कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को गणवेश और पाठ्यपुस्तकें भेंट की गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई, जिसने सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांसद श्री बघेल ने अपने संबोधन में कहा –
“यह स्कूल केवल एक भवन नहीं, शिक्षा की ऐतिहासिक धरोहर है।”
उन्होंने बताया कि इसी स्कूल से पढ़े कई छात्र आज देश के उच्च पदों पर कार्यरत हैं।
उन्होंने सरकारी स्कूलों की बदली हुई छवि की तारीफ करते हुए कहा कि
“सीमित संसाधनों में भी सरकारी स्कूल अब प्राइवेट स्कूलों को टक्कर दे रहे हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि एक समय था जब शासकीय स्कूलों पर सवाल उठते थे –
न पढ़ाई की व्यवस्था थी, न सुविधाएं।
लेकिन आज सरकारी स्कूल भी गुणवत्ता, अनुशासन और परिणाम के पैमाने पर खरे उतर रहे हैं।
उन्होंने शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को विशेष रूप से धन्यवाद दिया और कहा कि
“आपके समर्पण ने सरकारी स्कूलों को फिर से गौरव दिलाया है।”
शाला प्रवेशोत्सव ने यह संदेश दिया कि
हर बच्चा, हर घर से… शिक्षा की ओर पहला कदम बढ़ाए, और उसका स्वागत पूरे समाज द्वारा हो।

