छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली।
घटना दुर्ग के अंडा थाना क्षेत्र के ग्राम खाड़ा की है, जहां आपसी कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि मृतक शम्भू निषाद उर्फ देवचरण, उम्र लगभग 45 वर्ष, हाल ही में गुजरात से अपने गांव लौटा था।
गांव में ही किसी बात को लेकर संतोष यादव और रोहित यादव के साथ उसका विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने शम्भू के साथ जमकर मारपीट की।
इस दौरान उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
लेकिन दुर्ग पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तुरंत घेराबंदी की और महज 3 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने संतोष यादव को कुथरेल से और रोहित यादव को रायपुर से दबोचा।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर छोटी-छोटी बातों पर लोग इतना आक्रामक क्यों हो जाते हैं कि किसी की जान लेने तक उतर आते हैं।

