दुर्ग में फिर चाकूबाजी, बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ हमला

दुर्ग में अपराधियों के हौसले बुलंद होते नज़र आ रहे हैं।
छावनी थाना क्षेत्र के 18 नंबर रोड पर शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग पर चाकूबाजी की वारदात सामने आई है, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के अनुसार, सुबह करीब साढ़े चार बजे सूरज सिंह नामक बुजुर्ग रोज़ की तरह साइकिल से घूमने निकले थे। तभी स्कूटी पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे और शराब पीने के लिए उनसे पैसे मांगने लगे। जब बुजुर्ग ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों ने उन पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। किसी तरह बुजुर्ग सूरज सिंह जान बचाकर घर पहुंचे और परिजनों की मदद से पुलिस को सूचना दी। घायल सूरज सिंह को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके शरीर पर पंद्रह टांके लगाए गए हैं।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
सीएसपी और पुलिस प्रवक्ता सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सभी कैमरों की जांच की जा रही है और टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

By editor