दुर्ग में पेट्रोल-डीजल को लेकर मची अफरा-तफरी

दुर्ग जिले में पिछले दो से तीन दिनों से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने के चलते लोगों के बीच किल्लत की आशंका बढ़ गई है। यही वजह है कि शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। सोशल मीडिया और आपसी चर्चाओं के बीच ईंधन खत्म होने की अफवाहों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

इसी बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। हालांकि जिला प्रशासन ने साफ किया है कि दुर्ग जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है।

खाद्य अधिकारी अनुराग सिंह भदोरिया ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि कुछ तकनीकी और सप्लाई संबंधी कारणों से आपूर्ति थोड़े समय के लिए प्रभावित हुई थी, लेकिन आने वाले दिनों में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी और लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जाएगा।

वहीं पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने भी लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति जरूरत से ज्यादा पेट्रोल या डीजल का संग्रहण करता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

By editor