दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई – 22 किलो गांजा जब्त

दुर्ग जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान विश्वास के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
थाना मोहन नगर पुलिस ने 22 किलो गांजा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला दुर्ग–धमधा रोड का है, जहां सूर्या होटल के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान दो युवक बड़े बैग लेकर आते दिखाई दिए। पूछताछ में गोलमोल जवाब देने के बाद वे भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
बैग की तलाशी में 22 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही गवाहों के सामने तौला गया और विधिवत सील कर जब्त किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा उड़ीसा से लाकर मुंबई ले जा रहे थे।
जांच में सामने आया कि दुर्ग निवासी राहुल तिवारी ने उन्हें उड़ीसा के तस्करों से गांजा दिलवाया और मुंबई तक पहुंचाने में सहयोग किया।
कमीशन के तौर पर राहुल तिवारी के खाते में एक लाख रुपये ट्रांसफर भी किए गए थे।

पुलिस ने राहुल तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में थाना मोहन नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

By editor