दुर्ग जिले में राहगीरों को मोबाइल और नगदी लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
पिछले कुछ दिनों से जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में झपटमारी और धारदार हथियार से हमले की घटनाएं सामने आ रही थीं।
इन्हीं मामलों पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत भिलाई नगर, मोहन नगर, स्मृति नगर, वैशाली नगर, खुर्सीपार, जामुल और जेवरा सिरसा थानों में दर्ज 14 मामलों में कार्रवाई की गई।
एसीसीयू और पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल इनपुट्स के आधार पर तीन आरोपियों—टिल्लू उर्फ कुनाल, आलम और अनुज—को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए, जिनमें 6 नाबालिग अपराधी भी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों से चार मोबाइल फोन, दो चाकू, एक कटर और तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

