छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आज दुर्ग पहुंचे, जहां उन्होंने दिव्य हनुमंत कथा में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मंच पर मुलाकात की और बालाजी की आरती में सम्मिलित होकर प्रदेश सरकार की ओर से श्रद्धा अर्पित की।
मंच से संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के चरणों में नमन है।
उन्होंने कहा कि शास्त्री जी के आगमन को लेकर कुछ बातें चर्चा में हैं, लेकिन वह स्पष्ट करना चाहते हैं कि वे स्वयं महाराज की यात्रा में जा चुके हैं और इससे पहले भी छत्तीसगढ़ में आयोजित उनके कार्यक्रमों में शामिल हो चुके हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री समाज में ऊंच-नीच के भाव को दूर करने का कार्य पूरी शिद्दत से कर रहे हैं और सनातन संस्कृति के उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान उन्होंने स्वयं महाराज के पैरों में पड़े छाले देखे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके संकल्प और गति में कोई कमी नहीं आई।
चार्टर्ड प्लेन को लेकर उठ रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि उटपटांग बातें करने वालों को यह समझना चाहिए कि धीरेंद्र शास्त्री करोड़ों लोगों की श्रद्धा का केंद्र हैं।
उन्होंने कहा कि जब भी महाराज छत्तीसगढ़ आना चाहेंगे, तो छत्तीसगढ़ की जनता और सरकार उन्हें कंधों और पलकों पर बैठाकर लाने के लिए तैयार रहेगी।
डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की करोड़ों जनता का स्पष्ट संदेश है कि महाराज जी का आगमन इस पावन धरती पर बार-बार होना चाहिए।
नक्सलवाद के मुद्दे पर भी विजय शर्मा ने बड़ा बयान दिया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के समापन के लिए सरकार संकल्पबद्ध होकर काम कर रही है और आने वाले तीन महीनों में इस समस्या के पूर्ण समाधान की दिशा में ठोस परिणाम सामने आएंगे।
इस अभियान को लेकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की चिंता और मार्गदर्शन लगातार बना हुआ है।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अंत में प्रार्थना करते हुए कहा कि नक्सलवाद समाप्ति के बाद महाराज जी का पुनः छत्तीसगढ़ आगमन हो और उनका आशीर्वाद प्रदेश की जनता को प्राप्त होता रहे।

