दुर्ग जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है,
जहाँ जिले के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी देव आदित्य सिंह का चयन रणजी ट्रॉफी के लिए हुआ है।
अब देव आदित्य सिंह अपने खेल का जौहर देश के सबसे बड़े घरेलू क्रिकेट मंच पर दिखाते नजर आएंगे।
दरअसल, देव आदित्य सिंह पिछले 8 वर्षों से घरेलू क्रिकेट में लगातार संघर्ष और मेहनत कर रहे हैं।
तेज गेंदबाज के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।
लगातार बेहतर लाइन-लेंथ और गति के साथ गेंदबाजी करते हुए उन्होंने कई अहम मुकाबलों में विकेट झटके हैं और अपनी टीम को जीत दिलाई है।
अपनी गेंदबाजी को और निखारने के लिए देव आदित्य सिंह ने क्रिकेट अकादमी भी जॉइन की,
जहाँ कड़ी ट्रेनिंग और तकनीकी सुधार के बाद उनकी गेंदबाजी में और भी धार देखने को मिली।
तेज रफ्तार, सटीक यॉर्कर और अनुशासित गेंदबाजी उनकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी।
पिछले कुछ वर्षों से देव आदित्य सिंह बीएसपी टीम की ओर से खेलते आ रहे हैं,
जहाँ उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा।
इसी मेहनत और निरंतरता का नतीजा है कि आज उन्हें रणजी ट्रॉफी जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिला है।
रणजी के लिए चयन की खबर मिलते ही देव आदित्य सिंह की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
घर पहुंचने पर परिवारजनों ने ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
परिवार और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
देव आदित्य सिंह ने बताया कि वे कई वर्षों से इस पल का इंतजार कर रहे थे।
रणजी टीम में चयन होना उनके लिए सपनों की उड़ान में पंख लगने जैसा है।
उन्होंने कहा कि रणजी के मुकाबलों में वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देंगे।
उनका अगला लक्ष्य आईपीएल में जगह बनाना है।
देव आदित्य सिंह का मानना है कि रणजी और आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन करने के बाद ही
भारतीय क्रिकेट टीम के दरवाजे खुलते हैं।
उन्होंने साफ कहा कि वे देश के लिए खेलना चाहते हैं
और एक दिन टीम इंडिया की जर्सी पहनकर देश का नाम रोशन करना उनका सबसे बड़ा सपना है।

