दुर्ग जिला न्यायालय से इस वक्त बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है,
जहां न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।
यह धमकी दुर्ग जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई थी।
जैसे ही यह धमकी भरा ई-मेल सामने आया, न्यायालय प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस व जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।
सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा लिया गया।
कोर्ट में मौजूद वकील, न्यायिक कर्मचारी और आम नागरिकों को बाहर निकालकर परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया।
कुछ ही देर में कोर्ट परिसर में सन्नाटा पसर गया और प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अधिवक्ता रवि शंकर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि
सुबह लगभग 10 बजे एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा न्यायालय की ई-मेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश भेजा गया था।
मेल मिलते ही न्यायालय प्रशासन सतर्क हो गया और बिना समय गंवाए पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा।
पूरे न्यायालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस ने न्यायालय भवन, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग एरिया, वकीलों के चैंबर और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की।
हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है,
लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की दोबारा जांच की जा रही है।
मौके पर मौजूद दुर्ग डीएसपी अलेक्जेंडर किरो ने बताया कि
यह धमकी भरा ई-मेल अफवाह या शरारत भरा संदेश भी हो सकता है,
लेकिन मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिला न्यायालय परिसर में पहले से ही सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती है
और सप्ताह में कम से कम एक बार नियमित सुरक्षा जांच की जाती है,
ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके।
फिलहाल पुलिस धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है,
वहीं पूरे मामले की जांच जारी है।

