दुर्ग शहर जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं से लैस होने जा रहा है। पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम परिसर को आधुनिक स्वरूप देने और यहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जिला क्रीड़ांगन समिति की बैठक में स्टेडियम परिसर की बैडमिंटन कोर्ट को छोड़कर शेष भूमि को छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के माध्यम से 33 वर्षों के लिए बीसीसीआई को लीज पर देने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई। इसके साथ ही अत्यंत जर्जर हो चुके रविशंकर शुक्ल स्टेडियम और मानस भवन को हटाकर नए सिरे से अत्याधुनिक खेल परिसर विकसित करने की तैयारी की जा रही है।
परिसर में संचालित दुकानों को खाली करने के लिए एक महीने का नोटिस भी जारी किया गया है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और कलेक्टर अभिजीत सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में लिए गए इन फैसलों को दुर्ग के खेल इतिहास में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

