भिलाई टाउनशिप में गणेशोत्सव के दौरान अवैध पार्किंग वसूली का मामला सामने आया है।
कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर सेक्टर-7, सेक्टर-10 और सेक्टर-2 के तीन गणेश पंडाल समितियों को नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान इन पंडालों में बिना अनुमति पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा था।
पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके से अवैध पार्किंग की पर्चियां जब्त कीं, जिसमें बाइक से 10 और कार से 20 रुपए तक वसूले जाने की पुष्टि हुई।
जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से पहले ही गाइडलाइन जारी की गई थी कि किसी भी समिति को पार्किंग वसूली से पहले निगम को टैक्स जमा कर अनुमति लेनी होगी। साथ ही दर्शनार्थियों से किसी भी प्रकार का शुल्क न लेने के निर्देश भी दिए गए थे।
इधर, समितियों द्वारा दिए गए शपथ पत्रों की जांच भी शुरू कर दी गई है। अगर पंडाल संचालकों ने शपथ पत्र में दी गई जानकारी के विपरीत कार्य किया होगा तो प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा।
फिलहाल तीनों समितियों से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।

