भिलाई के खुर्सीपार देवार बस्ती में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे, जिससे कई लोग घायल हो गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लेने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। तनावपूर्ण माहौल के बीच छावनी सीएसपी और खुर्सीपार थाना प्रभारी के नेतृत्व में करीब 50 जवानों ने पूरे इलाके में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया।
तलाशी के दौरान कबाड़, खंडहरों और शौचालयों से ऐसा सामान बरामद हुआ जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने मौके से करीब 12 किलो गांजा, भारी मात्रा में शराब और 2 तलवारें जब्त की हैं।
फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

