सारंगढ़ जिले के कृषि विभाग के दफ्तर से एक बड़ा हंगामा सामने आया है, जहां सरकारी कार्यालय के अंदर ही मारपीट और बवाल की घटना ने प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले के अनुसार, कृषि विभाग के कार्यालय में पदस्थ आरईओ प्रवीण पटेल पर आरोप है कि उन्होंने स्थानीय पत्रकार पोश कुमार साहू के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि पूरा घटनाक्रम कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत किसान सम्मान निधि को लेकर हुई थी। बातचीत के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप यह भी है कि इस दौरान पत्रकार के साथ मौजूद एक वकील को भी कुछ समय के लिए कार्यालय के अंदर ही रोके रखा गया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

घटना के बाद हड़कंप मच गया और मामला सीधे सिटी कोतवाली थाने तक पहुंच गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।

इस घटना ने एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में सुरक्षा और व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां पत्रकार अपनी जिम्मेदारी निभाने पहुंचे थे, वहीं दूसरी ओर उनके साथ हुई इस कथित बदसलूकी ने पूरे मामले को तूल दे दिया है।

अब देखना होगा कि जांच के बाद क्या सच्चाई सामने आती है और प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कड़ी कार्रवाई करता है।

By editor