कुम्हारी टोल प्लाजा पर संदिग्ध कार को लेकर हड़कंप

दुर्ग जिले के कुम्हारी टोल प्लाजा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संदिग्ध हालत में आ रही एक कार को रोकने की कोशिश के दौरान यातायात आरक्षक घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक नागपुर नंबर की होंडा कार रायपुर की ओर से आ रही थी, जिसे यातायात पुलिस ने जांच के लिए रोकने का प्रयास किया।

लेकिन कार चालक वाहन को रोकने के बजाय तेजी से आगे बढ़ गया। इस दौरान यातायात आरक्षक रमेश चंद्राकर को साधारण चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर कार की तलाश शुरू की।

बताया जा रहा है कि कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। चालक की पहचान नागपुर निवासी मोहम्मद जाकिर के रूप में हुई है। उसके साथ रमजान नाम का युवक और दो युवतियां भी मौजूद थीं। पुलिस ने पीछा करते हुए कार को भिलाई-3 के सिरसा गेट इलाके में पकड़ा और सभी को थाना कुम्हारी लाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही कई सामाजिक और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी थाना कुम्हारी पहुंच गए। संगठनों के लोगों ने मामले को लेकर संदेह जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल थाना प्रभारी पुरुषोत्तम कुर्रे सभी से पूछताछ कर रहे हैं और मामले की जांच जारी है।

By editor