किसान आत्महत्या मामले में जमीन दलाल गिरफ्तार

दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र से एक अहम कार्रवाई सामने आई है।

ग्राम ढौर निवासी किसान जुगल किशोर बंजारे की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एक जमीन दलाल प्रदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में सामने आया है कि वर्ष 2021 में मृतक ने अपनी पैतृक भूमि का सौदा प्रदीप यादव, इन्द्रजीत यादव और राहुल सिन्हा के साथ 35 लाख रुपये में किया था। आर्थिक तंगी और इलाज के लिए ये ज़मीन बेची जा रही थी, लेकिन रजिस्ट्री नहीं करवाई गई और पैसे भी पूरे नहीं दिए गए।

लगातार मानसिक प्रताड़ना और धोखाधड़ी से परेशान होकर मृतक ने वर्ष 2024 में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से तीनों आरोपियों के नाम से लिखा एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था।

मर्ग जांच के बाद जब हैंडराइटिंग और दस्तावेज़ परीक्षण रिपोर्ट सामने आई, तो आरोपियों के खिलाफ धारा 306 और 34 के तहत अपराध क्रमांक 648/2025 में मामला दर्ज किया गया।

मुख्य आरोपी प्रदीप यादव को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और आज 31 जुलाई को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश मिश्रा सहित जामुल पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।

By editor