दुर्ग से इस वक्त एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। आईआईटी भिलाई के इलेक्ट्रिकल ब्रांच के छात्र सौमिल साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि सौमिल, जो मध्यप्रदेश के होशंगाबाद का रहने वाला था, जुलाई 2025 में ही आईआईटी भिलाई में दाखिला लेकर अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की थी।
मिली जानकारी के अनुसार, रोज की तरह सौमिल सुबह कॉलेज जाने की तैयारी कर रहा था, तभी अचानक उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। साथी छात्रों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक छात्र का शव फिलहाल मरचुरी में सुरक्षित रखा गया है, और पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
इस घटना के बाद से आईआईटी भिलाई के छात्रों में शोक और भय का माहौल है। सभी की निगाहें अब पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं।

