आइसक्रीम के बहाने नकली नोट को खपाने की कोशिश करता आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। भिलाई 3 थाना क्षेत्र में एक युवक 29 नकली नोटों के साथ पकड़ा गया है। आरोपी नकली नोट लेकर एक बेकरी में आइसक्रीम खाने गया था लेकिन दुकानदार को शक होने पर उसने पुलिस को बुला लिया।
नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहे युवक को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। चरोदा जलाराम बेकरी में आरोपी नरेद्र सिंह बेकरी में आइसक्रीम खरीदने के बहाने पहुंचा और दुकानदार को 500 रुपए का नकली नोट दिया। नोट की गुणवत्ता पर शक होने पर दुकानदार ने उसे बातों में उलझाए रखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब से 500 रुपए के 18 नकली नोट और 200 रुपए के 11 नकली नोट बरामद किए गए।कुल मिलाकर युवक के पास से नकली नोटों की संख्या 29 मिली। आरोपी महासमुंद का निवासी है और पहले भी इसी इलाके में नकली नोट चलाने की कोशिश कर चुका है। पुलिस ने आरोपी को काफी शातिर किस्म का व्यक्ति बताया है जो छोटे दुकानदारों को निशाना बनाकर नकली नोट चलाने की फिराक में रहता था। पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से भी जुड़ा हो सकता है। पूरे मामले की जानकारी भिलाई 3 थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने दी।

By editor