अवैध निर्माण हटाने पहुँची निगम टीम पर हमला

भिलाई में नगर निगम के अधिकारियों पर लगातार बढ़ रहे हमलों के बीच एक और गंभीर मामला सामने आया है। नेहरू नगर के अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने पहुँची निगम की टीम पर कब्जाधारियों ने अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि न सिर्फ अफसरों से गाली-गलौज की गई, बल्कि जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत की सरकारी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद से नगर निगम भिलाई के अफसरों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, जोन 1 नेहरू नगर क्षेत्र के मकान नंबर 49/12 में पुष्पा तिवारी द्वारा अवैध निर्माण की शिकायत लंबे समय से मिल रही थी। भवन अनुज्ञा विभाग की ओर से एक बार और जोन कार्यालय की ओर से छह बार नोटिस जारी किए गए थे। हर बार उन्हें निर्माण रोकने और भवन अनुज्ञा लेकर विधिवत कार्य करने की समझाइश दी गई, लेकिन कब्जाधारियों ने चेतावनियों को नज़रअंदाज़ कर दिया।

सोमवार की सुबह निगम का तोड़ दस्ता मौके पर पहुंचा और अवैध निर्माण पर कार्रवाई शुरू कर दी। तभी करीब पांच लोग अचानक आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए निगम टीम पर चढ़ दौड़े। इतना ही नहीं, शासकीय वाहन सीजी 07 एएल 5334 में बैठे ड्राइवर के सामने ही गाड़ी का शीशा तोड़ डाला गया। गनीमत रही कि किसी अधिकारी या कर्मचारी को चोट नहीं आई।

मौके पर निगम के अफसरों के साथ पुलिस के तीन जवान भी मौजूद थे, लेकिन हमला इतनी तेज़ी से हुआ कि वे भी स्थिति को तत्काल संभाल नहीं पाए। बाद में मामला शांत करवाया गया। घटना के बाद जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत ने उच्च अधिकारियों से चर्चा की और सुपेला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

जोन आयुक्त ने सवाल उठाया है कि “जब अधिकारियों पर ही हमला हो रहा है, तो ऐसे माहौल में कार्रवाई कैसे की जाएगी?”
निगम कर्मियों ने भी सुरक्षा की मांग की है, क्योंकि यह पहली बार नहीं है जब अवैध निर्माण हटाने गई टीम पर हमला हुआ हो।

By editor