भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को डराने-धमकाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रियाज अहमद नाम के युवक ने नाबालिग को उसके पिता की हत्या करने और चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी देकर लगातार अपने संपर्क में रहने के लिए मजबूर किया।
पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने उसे एक मोबाइल फोन दिया था और साफ कहा था कि अगर उसने बात करना बंद किया तो उसके पिता की हत्या कर दी जाएगी। इसी डर के कारण वह आरोपी द्वारा दिया गया मोबाइल अपने पास रखने को मजबूर हो गई। इतना ही नहीं, आरोपी उस पर सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें पोस्ट करने का भी दबाव बनाता था।
काफी समय तक डर और दबाव में रहने के बाद जब रास्ते में लगातार हो रही प्रताड़ना बढ़ गई, तब पीड़िता ने पूरी घटना अपनी मां को बताई। इसके बाद परिवार तुरंत शिकायत लेकर जामुल थाने पहुंचा।
पीड़िता के पिता का आरोप है कि करीब छह महीने पहले भी इसी युवक के खिलाफ शिकायत की गई थी, लेकिन उस समय पुलिस ने केवल माफीनामा लेकर उसे छोड़ दिया था। उनका कहना है कि अगर उस समय सख्त कार्रवाई होती तो आज यह स्थिति नहीं बनती।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पार्षद वीणा चंद्राकर भी पीड़ित परिवार के साथ थाने पहुंचीं। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की और मामले में अन्य गंभीर धाराएं जोड़ने की बात कही।
जामुल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रियाज अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ और भी सख्त कानूनी धाराएं जोड़ी जाएंगी। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

