1500 रुपये के उधार ने ली युवक की जान!

दुर्ग में महज़ 1500 रुपये के उधार ने एक 26 वर्षीय युवक की जिंदगी छीन ली। शक्ति नगर स्थित किसान राइस मिल के पास यशवंत सारथी को साजिश के तहत फोन कर बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद 7 नाबालिग आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।

आरोप है कि युवकों ने भारी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया और फिर कटर से सीने, पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ वार किए। हत्या के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को राइस मिल के कुएं में फेंक दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस जांच में जुटी और महज़ 24 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए सभी 7 अपचारी बालकों को हिरासत में ले लिया।

एक छोटे से लेनदेन को लेकर हुई इस खौफनाक वारदात ने समाज के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर किशोर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर लगाम कैसे लगेगी?

By editor