शौर्य चक्र से सम्मानित हुए छत्तीसगढ़ पुलिस के दो जांबाज अफसर

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से नई दिल्ली में प्रतिष्ठित ‘शौर्य चक्र’ सम्मान प्राप्त कर लौटे छत्तीसगढ़ पुलिस के जांबाज अधिकारी इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट और इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख का दुर्ग में भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया।

दुर्ग पुलिस लाइन में आयोजित सम्मान समारोह में डीआईजी विजय अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस जवानों ने दोनों वीर अधिकारियों पर पुष्पवर्षा कर उनकी बहादुरी को सलाम किया। यह सम्मान उन्हें 16 अप्रैल 2024 को छत्तीसगढ़ के इतिहास के सबसे चुनौतीपूर्ण नक्सल विरोधी अभियान में दिखाए गए अदम्य साहस, उत्कृष्ट नेतृत्व और सूझबूझ के लिए प्रदान किया गया है।

मुठभेड़ के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर दोनों अधिकारियों ने न केवल अभियान का सफल नेतृत्व किया, बल्कि अपनी रणनीति और साहस से लगभग 200 जवानों की जान भी सुरक्षित बचाई।

सम्मान प्राप्त करने के बाद दोनों अधिकारियों ने कहा कि यह गौरव पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस बल का है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में नक्सलवाद अब अंतिम दौर में है और प्रभावित क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का नया अध्याय शुरू होगा।

By editor