दुर्ग में नकली गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़!

दुर्ग जिले के ग्राम कुथरेल में पुलिस ने एक बड़े अवैध गुटखा नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यहां वाशिंग पाउडर बनाने की आड़ में प्रतिबंधित जर्दा युक्त ‘सितार’ गुटखा का निर्माण और पैकेजिंग की जा रही थी।

अंडा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने तड़के छापेमारी कर एक साथ चल रही दो अवैध यूनिटों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मुख्य संचालक सहित 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

इस पूरे मामले का खुलासा भी बेहद चौंकाने वाले तरीके से हुआ। बताया जा रहा है कि मजदूरों को कई दिनों से वेतन नहीं मिला था। नाराज मजदूर जब फैक्ट्री छोड़कर भाग रहे थे, तभी पुलिस की गश्ती टीम को उन पर संदेह हुआ। पूछताछ में मजदूरों ने गुटखा फैक्ट्री का राज खोल दिया।

जांच में सामने आया कि फैक्ट्री को वाशिंग पाउडर यूनिट बताकर किराए पर लिया गया था, लेकिन अंदर बड़े पैमाने पर जर्दा गुटखा तैयार किया जा रहा था। मुख्य आरोपी वीरेंद्र तिवारी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरी यूनिट पर भी कार्रवाई की।

फिलहाल फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है। जब्त सामग्री की कीमत और मात्रा का आकलन किया जा रहा है, जबकि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

By editor