राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र स्थित अमलगम स्टील संयंत्र में मजदूरों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के बैनर तले 600 से अधिक श्रमिक पिछले तीन दिनों से दिन-रात धरने पर बैठे हुए हैं।
श्रमिकों की हड़ताल के चलते संयंत्र का उत्पादन पूरी तरह ठप पड़ गया है, जिससे प्रबंधन को रोजाना लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। फैक्ट्री गेट के बाहर मजदूर लगातार नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
आंदोलनकारी श्रमिकों की मुख्य मांग कंपनी के मुनाफे के आधार पर वेतन में 20 प्रतिशत वृद्धि करने की है। इसके साथ ही श्रमिकों को उनकी योग्यता के अनुसार अर्द्धकुशल, कुशल और उच्चकुशल श्रेणियों में वर्गीकृत करने और लंबित बोनस का तत्काल भुगतान करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जा रही है।
लगातार जारी इस धरने के कारण औद्योगिक क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमनी थाना पुलिस मौके पर तैनात है।
हालांकि श्रमिकों ने साफ कर दिया है कि जब तक प्रबंधन उनकी मांगों पर लिखित और ठोस निर्णय नहीं लेता, तब तक उनका आंदोलन और धरना प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा।

