शनि जयंती पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

न्याय के देवता और सूर्यपुत्र भगवान शनिदेव की जयंती पर आज भिलाई सहित पूरे शहर के शनि मंदिरों में सुबह से श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। करीब 13 वर्षों बाद शनिवार के दिन पड़ रही शनि जयंती को लेकर भक्तों में खासा उत्साह नजर आया।

सुबह से ही शनि मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने शनिदेव को सरसों का तेल अर्पित कर सुख-शांति और परिवार की खुशहाली की कामना की। कई मंदिरों में तेल अभिषेक और विशेष पूजन का आयोजन भी किया गया।

भिलाई के सेक्टर-6 स्थित शनिधाम मंदिर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है। यहां सुबह से ही विशेष पूजा, अभिषेक और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर समिति के कमलेश दुबे ने बताया कि शनिदेव न्याय के देवता हैं और कर्म के अनुसार फल देते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के मन में यह भ्रम है कि शनिदेव केवल कष्ट देते हैं, जबकि सच्चे मन से पूजा करने वालों पर शनिदेव विशेष कृपा भी बरसाते हैं।

उन्होंने बताया कि यदि कोई बड़ा पूजन नहीं कर सकता, तो सिर्फ एक फूल अर्पित कर और एक रुपए का दान देकर भी भगवान शनिदेव को प्रसन्न किया जा सकता है।

वहीं शनिधाम मंदिर में शाम को 108 दीपों की विशेष महाआरती की जाएगी। साथ ही दिनभर भंडारे का आयोजन और शाम को भजन संध्या भी रखी गई है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

By editor