दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच वैशाली नगर पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों समेत चोरी के जेवर गिरवी रखने वाले एक ज्वेलरी शॉप संचालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 13 लाख 12 हजार 800 रुपये के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है। लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच के साथ करीब 1600 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले। जांच के दौरान मुख्य आरोपी नौशाद की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह उत्तर प्रदेश से आकर भिलाई के खुर्सीपार में रह रहा था और दिन में मालवाहक वाहन चलाते हुए सूने मकानों की रेकी करता था। इसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
गिरोह ने दुर्ग, वैशाली नगर, जामुल, चरोदा, राधिका नगर, पुदमनगर और बालोद जिले के करहीभदर क्षेत्र समेत कुल छह चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी के जेवर महिलाओं के जरिए पावर हाउस स्थित शुभलाभ ज्वेलर्स में गिरवी रखते थे। मामले में ज्वेलर्स संचालक दुर्गेश गोस्वामी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

