भिलाई में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर मानवता की सेवा को समर्पित ‘समभाव समिति’ द्वारा एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। 12 मई 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली 13 नर्सिंग सिस्टर्स और 3 स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग भिलाई की प्रिंसिपल डॉ. रोजा प्रिंसी रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वाइस प्रिंसिपल डॉ. डेजी अब्राहम ने की। समारोह में भिलाई मुख्य चिकित्सालय के कार्यरत और सेवानिवृत्त नर्सिंग स्टाफ को सम्मानित कर उनके समर्पण और सेवा भावना को सलाम किया गया।
सम्मानित होने वालों में श्रीमती सुरजा जयाप्रसाद, श्रीमती शाहीना सुरेश, श्रीमती संजू साहू, श्रीमती मोहिनी डीन, श्रीमती शोभा सिंह, श्रीमती दिव्या गौर, श्रीमती खुर्शीद बेगम, श्रीमती अंजलि मथायस, सुश्री विजयलक्ष्मी चैट्टी, श्रीमती अनिमा देब, पुरुष नर्स निर्मल कुमार वार्ड सहित कई स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहे। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में विशेष योगदान के लिए दुर्ग की खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी रीता रानी रॉय को भी सम्मानित किया गया।
समिति ने मुख्य अस्पताल के समर्पित चिकित्सा कर्मियों भास्कर ताम्रकार और बीजी पिल्लै का भी अभिनंदन किया। इस अवसर पर समभाव समिति के अध्यक्ष पी. के. सिंह और संरक्षक बिमान भट्टाचार्य ने कहा कि समाज की निस्वार्थ सेवा करने वाले लोगों का सम्मान करना ही समिति का उद्देश्य है।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने नर्सिंग सेवा को मानवता और ईश्वर की सेवा के समान बताते हुए सभी सम्मानित कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

