भिलाई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान सातुम सेम्युल गुज्जर के रूप में हुई है, जिसने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और Bhilai Steel Plant यानी बीएसपी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बनाया।

बताया जा रहा है कि आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से लोगों को सरकारी नौकरी का लालच देता था और भरोसा जीतने के बाद उनसे मोटी रकम ऐंठ लेता था।
इतना ही नहीं, आरोपी पीड़ितों को विश्वास दिलाने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र भी तैयार कर उन्हें सौंप देता था, जिससे लोग उसके झांसे में आसानी से आ जाते थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने चार अलग-अलग लोगों से कूटरचित दस्तावेजों के जरिए करीब 16 लाख 15 हजार रुपये की ठगी की है।
इस ठगी का खुलासा होने के बाद पीड़ितों ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना भिलाई नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज किया और महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को हुडको क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरे गिरोह में और कौन-कौन शामिल हो सकता है, साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या और लोग भी इस ठगी का शिकार हुए हैं।

By editor