दुर्ग जिले के कुम्हारी से एक ऐसी प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जिसने ना सिर्फ जिले बल्कि पूरे प्रदेश का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है।

कुम्हारी की मेधावी छात्रा रिया साहू ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में पूरे प्रदेश में चौथा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि रिया इससे पहले 10वीं बोर्ड परीक्षा में भी टॉपर रह चुकी हैं। यानी सफलता उनके लिए कोई संयोग नहीं, बल्कि लगातार मेहनत और समर्पण का परिणाम है।

रिया एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता एक मैकेनिक हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी बेटी के सपनों को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। आर्थिक चुनौतियों के बीच भी उन्होंने रिया की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।

सबसे खास बात यह है कि रिया ने यह मुकाम बिना किसी कोचिंग या बाहरी ट्यूशन के हासिल किया है। उन्होंने सिर्फ स्कूल की पढ़ाई और स्वाध्याय के दम पर यह बड़ी सफलता पाई है। यह साबित करता है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो संसाधनों की कमी भी रास्ता नहीं रोक सकती।

पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, कुम्हारी का नाम रिया ने दूसरी बार प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि ने स्कूल, परिवार और पूरे जिले को गर्व से भर दिया है।

अपनी इस शानदार सफलता के बाद रिया का अगला लक्ष्य और भी बड़ा है। वे अब JEE की तैयारी कर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं।

रिया की यह कहानी उन सभी छात्रों के लिए एक मिसाल है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला रखते हैं।

By editor