छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर के हृदय स्थल इंदिरा मार्केट में आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जूता शोरूम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत रौबदार शूज के शोरूम में शॉर्ट सर्किट के कारण हुई। लोड अधिक होने की वजह से यह हादसा हुआ, जिसने कुछ ही देर में चार दुकानों को पूरी तरह अपनी गिरफ्त में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें और गर्मी करीब 2 किलोमीटर दूर तक महसूस की जा रही थीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। मौके पर दुर्ग अग्निशमन विभाग के साथ-साथ पीएसपी के फायर फाइटर्स भी पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई।
हालांकि आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि फायर एक्सटिंग्विशर भी बेअसर साबित हुए। करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही और हालात को संभालने में जुटी रही।
इस भीषण आगजनी में जूता दुकान समेत आसपास की कई दुकानों का लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। इंदिरा मार्केट, जो हमेशा भीड़भाड़ और रौनक के लिए जाना जाता है, आज आग के इस तांडव से दहल उठा।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को ही इस भीषण हादसे की वजह माना जा रहा है।

