गैस संकट के बीच हिंसा का वीडियो वायरल

दुर्ग जिले में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत ने आम लोगों की परेशानी को चरम पर पहुंचा दिया है… और अब यह समस्या केवल असुविधा तक सीमित नहीं रही, बल्कि हिंसा का रूप भी लेने लगी है।

ताजा मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है… जहां एक गैस एजेंसी में सिलेंडर को लेकर जमकर हंगामा हो गया। जानकारी के मुताबिक, एक ग्राहक समय से पहले गैस सिलेंडर की मांग कर रहा था… इसी बात को लेकर एजेंसी स्टाफ और ग्राहक के बीच बहस शुरू हुई… जो देखते ही देखते उग्र विवाद में बदल गई।

विवाद इतना बढ़ गया कि एजेंसी के ऑफिस का कांच तक तोड़ दिया गया… मौके पर मौजूद अन्य ग्राहकों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि स्थिति बिगड़ते देख वहां तैनात बाउंसरों ने मोर्चा संभाला… लेकिन हालात काबू में करने की बजाय उन्होंने भी आक्रामक रुख अपना लिया। आरोप है कि बाउंसरों ने ग्राहकों के साथ धक्का-मुक्की की… और कुछ लोगों के कपड़े तक फाड़ दिए गए।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है… जिसमें एजेंसी के अंदर का हंगामा साफ देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश और भी बढ़ गया है।

दरअसल, मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण देशभर में गैस सप्लाई प्रभावित हो रही है… जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। दुर्ग जिले में भी कई जगहों पर समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

फिलहाल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है… और वायरल वीडियो के आधार पर पूरी घटना की सच्चाई जानने की कोशिश की जा रही है।

अब सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक आम जनता इस तरह की परेशानियों और अव्यवस्थाओं का सामना करती रहेगी… और क्या प्रशासन इस संकट का जल्द कोई समाधान निकाल पाएगा… यह देखने वाली बात होगी।

By editor