भिलाई-3 में दर्दनाक सड़क हादसा

भिलाई-3 से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। रायपुर-दुर्ग रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद युवक ट्रेलर के नीचे आ गया और बुरी तरह कुचल गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। हादसे के कारण रायपुर-दुर्ग मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई।

फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

यह पूरा मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ट्रेलर चालक की तलाश में जुट गई है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

एक बार फिर यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है। जरूरत है कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

By editor