17 Mar 2026, Tue

दुर्ग में नशे पर बड़ी कार्रवाई, 58 मामलों का मादक पदार्थ नष्टीकरण

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बड़ी और अहम खबर सामने आई है, जहां नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ रायपुर के आदेशानुसार एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में जप्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए, जिला स्तर पर गठित ड्रग्स डिस्पोजल समिति ने 16 मार्च 2026 को एक व्यापक अभियान चलाया।

इस विशेष अभियान के दौरान जिला दुर्ग के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों और नशीली दवाइयों का वैधानिक रूप से नष्टीकरण किया गया।

कार्रवाई के तहत कुल 58 प्रकरणों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया। इसमें बड़ी मात्रा में 612 किलो 515 ग्राम गांजा, 6 ग्राम 550 मिलीग्राम ब्राउन शुगर, 78 हजार 333 टेबलेट, 23 हजार 200 कैप्सूल और 197 नग नशीले सिरप शामिल हैं।

नष्टीकरण की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और वैधानिक तरीके से अंजाम दिया गया। गांजा, ब्राउन शुगर, टेबलेट और कैप्सूल का नष्टीकरण भिलाई इस्पात संयंत्र में किया गया, जबकि नशीले सिरप का नष्टीकरण थाना नेवई क्षेत्र में निर्धारित नियमों के तहत संपन्न कराया गया।

इस महत्वपूर्ण कार्यवाही के दौरान ड्रग्स डिस्पोजल समिति के सदस्य, नोडल अधिकारी, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर, डीसीआरबी शाखा के अधिकारी-कर्मचारी और नगर पालिक निगम भिलाई के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनकी निगरानी में पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

दुर्ग पुलिस ने इस अवसर पर आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

नशे के खिलाफ यह सख्त कदम न सिर्फ कानून व्यवस्था को मजबूत करता है, बल्कि समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाने की दिशा में भी एक बड़ा संदेश देता है।

By editor