दुर्ग जिले के उतई स्थित राम जानकी राइस मिल में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल सूचक द्वारा अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग हरकत में आया और बिना देर किए दमकल की तीन गाड़ियों को मौके के लिए रवाना किया गया। जब अग्निशमन की टीम घटनास्थल पर पहुंची तो देखा कि आग तेजी से फैल चुकी थी और राइस मिल में रखे बारदानों तक पहुंच गई थी, जिससे आग और भी भड़कने लगी थी।
हालात को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास शुरू कर दिए। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को करीब 5 घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान लगभग 20 गाड़ियों के पानी का उपयोग कर आग पर काबू पाया गया।
अग्निशमन दल की मुस्तैदी और टीमवर्क के चलते समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
इस पूरे अभियान में जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में अग्निशमन दल ने तत्परता से कार्रवाई की। वहीं अग्निशमन दल प्रभारी भगवती बंजारे, धन्नु यादव और केशव यादव के नेतृत्व में पूरी टीम ने मिलकर आग बुझाने का काम किया।
इस दौरान अग्निशमन कर्मचारियों में कुलेश्वर, शैलेंद्र, तामेश्वर, नरोत्तम टंडन, संतोष मडरिया, जितेंद्र, उमेश, जयशंकर, जयराम, गौरव और जागेंद्र सहित अन्य कर्मचारियों ने एकजुट होकर पूरी जिम्मेदारी के साथ आग बुझाने का कार्य किया।
फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग किस वजह से लगी।
अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई और टीमवर्क के चलते एक बड़ा हादसा होने से बच गया और मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई।

