भिलाई से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक अज्ञात युवक द्वारा मंदिर में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला सुपेला थाना क्षेत्र के शंकरपारा इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, शंकरपारा में स्थित एक मंदिरनुमा चबूतरे में रखी मूर्ति के साथ अज्ञात युवक ने आपत्तिजनक हरकत करते हुए वहां गांजा रख दिया। इतना ही नहीं, मंदिर परिसर में लगी भगवान राम की तस्वीर को भी तोड़ दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मामले की सूचना तुरंत सुपेला पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
घटना की खबर फैलते ही हिंदूवादी संगठनों के लोग भी मौके पर पहुंच गए और इस घटना को लेकर नाराजगी जताई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

