होली की खुशियां मातम में तब्दील

दुर्ग से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है… जहां होली जैसे खुशियों के त्यौहार में एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं। शराब के नशे में हुए विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि चाचा ने अपने ही भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी।

मामला जामुल थाना क्षेत्र के रावण भांटा का है… जहां बीती देर रात चाचा आशीष साहू अपने भतीजे हेमंत साहू के साथ बैठकर शराब पी रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी चाचा आशीष साहू ने पास में पड़े लोहे के पाइप को उठाकर अपने ही भतीजे हेमंत साहू के सिर के पीछे जोरदार प्रहार कर दिया। एक के बाद एक कई वार किए गए… जिससे हेमंत गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

लगातार हुए प्रहार के कारण हेमंत साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। होली की रात जहां रंग और खुशियां बिखरनी थीं, वहां खून के छींटों ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया।

घटना के बाद मृतक हेमंत की पत्नी ने तुरंत जामुल थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा आशीष साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

होली के दिन पारिवारिक विवाद का यह खौफनाक अंजाम पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है… और एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि नशा किस तरह इंसान से उसकी समझ और रिश्तों की मर्यादा छीन लेता है।

By editor