छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होते ही तेज गर्मी पड़ने लगी है। रायपुर और बिलासपुर में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है। रविवार को प्रदेश में सबसे गर्म शहर बिलासपुर रहा। यहां पारा 41 डिग्री रहा। वहीं रायपुर में दिन का पारा 40.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश में ड्राई हवा के असर से सुबह से तेज धूप महसूस होने लगी है। 12 बजे के बाद धूप चुभने लगी है। धूप से बचने चेहरा ढंककर लोग घरों से निकल रहे हैं। वहीं मौसम विभाग की माने तो कल यानी 8 अप्रैल से प्रदेश में एक बार फिर बारिश, बादल की स्थिति बनेगी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक साइक्लोन सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण ऐसी स्थिति बन रही है। बस्तर संभाग में इसका ज्यादा असर दिख सकता है।
रायपुर में पारा 40 डिग्री के पार
मौसम साफ होने के बाद रायपुर में गर्मी बढ़ने लगी है। रविवार को सुबह से तेज धूप रही। दोपहर 12 बजे के बाद चुभने वाली गर्मी महसूस हुई। अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं रात का पारा करीब 25 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक आज दिन का तापमान 41 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री पहुंच सकता है।

