निगम नहीं अब शहरवासी करेंगे उद्यानों का रखरखाव

भिलाई।नगर निगम भिलाई क्षेत्र में डेढ़ सौ से अधिक उद्यान है। सभी उद्यानों का रखरखाव एवं मेंटेनेंस का काम करना एक बड़ी जिम्मेदारी है। उद्यानों का उपयोग स्थानीय निवासियों द्वारा किया जाता है। नगर निगम द्वारा बहुत से उद्यानों को व्यवस्थित करके वहां के स्थानीय निवासियों को समिति बनाकर के दिया जा रहा है। इसमें स्थानीय निवासी भी खुश होकर इस कार्य को करने के लिए तैयार हो रहे हैं। नगर निगम को अपने सीमित संसाधन से सभी उद्यानों का मेंटेनेंस एवं रख रखाव करने में परेशानी हो रही है। शासन से भी दिशा निर्देश प्राप्त है की जन भागीदारी से कार्यों को करना ज्यादा हितकारी है। उद्यान विभाग की प्रभारी नेहा साहू भी लोगों से मिलकर के प्रोत्साहित कर रही है। नेहरू नगर निवासी श्रीमती गीता मोदी ने बताया कि हमारे बगल में स्थित मिलेनियम पार्क बहुत ही आकर्षक हो गया है। हम सब महिलाएं बैठकर के यहां पर भजन कीर्तन रामायण करती हैं, हम लोग यहां सुबह योग प्राणायाम करते हैं। निगम के अधिकारी तीलेश्वर साहू पार्षद चंदेश्वरी बाधे सहयोग कर रही हैं। कोई भी बाहरी असामाजिक तत्व लड़के लड़कियां घूमते हुए मिलते हैं हम सब महिलाएं उन्हें भगा देती हैं।इसकी देखरेख कर पौधारोपण भी किया जा रहा है। गौरतलब है कि मोर शहर मोर जिम्मेदारी के अंतर्गत शिवाजी पार्क मिलेनियम, महाराणा प्रताप, पदुमलाल पुन्नालाल बक्शी, पिंक गार्डन, शास्त्री पार्क, हैप्पी गार्डन, सम्राट अशोक उद्यान, कोहका गार्डन ,परी गार्डन आदि को दिया जा रहा है। महापौर नीरज पाल ने भी स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में लोग रुचि लेकर के अपने क्षेत्र के उद्यानों की देखरेख करें। निगम भी उसमें भरपूर सहयोग करेगा।

By editor