भिलाई नगर निगम में संपत्ति कर वसूली और सफाई व्यवस्था का काम करने वाली निजी एजेंसी के करीब 70 स्थानीय कर्मचारी पिछले पांच महीनों से वेतन के इंतजार में हैं। आरोप है कि रांची की श्री पब्लिक प्राइवेट कंपनी ने कर्मचारियों का पिछले तीन वर्षों से पीएफ भी जमा नहीं किया, जिससे करीब 40 लाख रुपये बकाया हो गए हैं।
आर्थिक तंगी से परेशान श्रमिकों ने नगर निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा से मुलाकात कर अपनी पीड़ा सुनाई। कर्मचारियों का कहना है कि घर चलाना मुश्किल हो गया है और अब निगम नई एजेंसी के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर चुका है, लेकिन पुराने बकाए की जिम्मेदारी लेने को कोई तैयार नहीं है।
मामले को गंभीर बताते हुए नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय से मुलाकात कर श्रमिकों का लंबित वेतन और पीएफ का तत्काल भुगतान कराने की मांग की। उन्होंने निगम प्रशासन पर श्रमिकों की अनदेखी का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ, तो उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर मेहनतकश श्रमिकों को उनका हक कब मिलेगा?

