दुर्ग में भारतीय मजदूर संघ ने श्रमिकों और कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों श्रमिकों ने सरकार से आर्थिक राहत और अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।
संघ ने बोनस की पात्रता सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने, आंगनवाड़ी और मिड डे मील कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी और कॉन्ट्रैक्ट श्रमिकों के लिए समान काम, समान वेतन लागू करने की मांग की।
इसके अलावा ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये करने और बैंक कर्मचारियों के लिए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग भी रखी गई।
श्रमिक नेता हरि शंकर चतुर्वेदी ने कहा कि मांगों को लंबे समय से सरकार के सामने रखा जा रहा है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 1 अक्टूबर को रायपुर में एक लाख श्रमिकों के साथ बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

