13वें दिन भी अतिथि शिक्षकों का आंदोलन जारी

दुर्ग में नियमितीकरण और समान काम के लिए समान वेतन की मांग को लेकर राज्य अतिथि शिक्षक, यानी विद्या मितान का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। आंदोलन के 13वें दिन सैकड़ों अतिथि शिक्षकों ने हिंदी भवन से जेल चौक तक मार्च निकालकर रायपुर कूच की तैयारी का ऐलान किया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला अतिथि शिक्षक भी शामिल रहीं। कई महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ धरना स्थल और रैली में पहुंचीं। आंदोलनकारियों ने बोरिया-बिस्तर के साथ लंबी लड़ाई लड़ने का संदेश देते हुए सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की।

इधर, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जेल चौक पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया। इसके बाद अतिथि शिक्षक सड़क पर बैठ गए और भजन-कीर्तन व जस गीतों के माध्यम से शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रखा।

आंदोलनकारियों का कहना है कि वर्षों से शिक्षा व्यवस्था में सेवाएं देने के बावजूद उन्हें न नियमितीकरण मिला है और न ही समान कार्य के अनुरूप वेतन। उनका साफ कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

By editor