दुर्ग में खूनी संघर्ष, युवक की बेरहमी से हत्या

दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंद्रापारा से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रविवार देर रात पुरानी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए हिंसक विवाद में 30 वर्षीय लेखूराम कोठारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में लोग लाठी, डंडे, ईंट-पत्थर और धारदार हथियारों के साथ मौके पर पहुंचे और जमकर हमला किया। गंभीर रूप से घायल लेखूराम को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि करीब तीन साल पुरानी दुश्मनी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अब तक करीब 25 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जबकि कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इलाके में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी हुई है।

By editor