भिलाई के खम्हरिया स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। पिछले शुक्रवार से अब तक कक्षा 9वीं और 11वीं की करीब 10 से 11 छात्राएं अचानक चीखने-चिल्लाने के बाद बेहोश हो गईं, जिससे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि सभी घटनाएं केवल दोपहर की पाली, यानी आफ्टरनून शिफ्ट में सामने आई हैं, जबकि मॉर्निंग शिफ्ट में पढ़ाई सामान्य रूप से जारी है। बेहोश हुई छात्राओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। फिलहाल सभी छात्राएं सुरक्षित हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर मेडिकल और मनोवैज्ञानिक दोनों पहलुओं से जांच की जा रही है। आखिर छात्राओं के एक साथ बेहोश होने की वजह क्या है, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

