भिलाई में स्कूल वाहन चालक की लापरवाही एक चार वर्षीय मासूम पर भारी पड़ गई। नंदिनी रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे स्कूल वाहन से बच्चा गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मासूम के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना 8 जुलाई की है। बच्चे की माँ की शिकायत पर छावनी थाना पुलिस ने वाहन चालक हरजीत सिंह, उम्र 58 वर्ष, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटरयान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने सभी स्कूल वाहन चालकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और वाहन हमेशा सावधानी व निर्धारित गति सीमा में चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

