भिलाई स्टील प्लांट यानी BSP में शुक्रवार तड़के एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस के रॉ-मैटेरियल एरिया में संचालित ओवर ब्रिज क्रेन नंबर-4 का केबिन अचानक करीब 50 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे के वक्त केबिन में मौजूद ठेका कर्मचारी और क्रेन ऑपरेटर रविंद्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि नीचे गिरते समय केबिन बीच में स्टील बीम से टकराया, जिससे उसकी रफ्तार कुछ कम हुई और एक और बड़ा हादसा टल गया। हादसे के तुरंत बाद घायल ऑपरेटर को मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें ICU में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही BSP के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन गिरा, उसका महज चार दिन पहले ही सेफ्टी इंस्पेक्शन किया गया था और उसे संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था। ऐसे में अब तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही या किसी अन्य वजह से हादसा हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

फिलहाल संबंधित क्रेन को बंद कर दिया गया है, जिससे ब्लास्ट फर्नेस के रॉ-मैटेरियल हैंडलिंग का काम प्रभावित हुआ है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में एक जानलेवा हादसा हो चुका है। BSP प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हादसे की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।

By editor