स्मृतिनगर चौकी में हंगामा!

भिलाई के स्मृतिनगर चौकी में गुरुवार को उस समय जमकर हंगामा मच गया, जब शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज लोगों की भीड़ थाने पहुंच गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई और पूरे चौकी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक श्रीशंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत भूपेन्द्र साहू अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत को लेकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर वे समर्थकों और स्थानीय लोगों के साथ स्मृतिनगर चौकी पहुंच गए।

इस दौरान भिलाई सीएसपी और सुपेला थाना प्रभारी ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराने और समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन माहौल लगातार गर्माता चला गया। आक्रोशित भीड़ ने चौकी परिसर में नारेबाजी शुरू कर दी और कुछ लोग चौकी के अंदर घुसकर प्रदर्शन करने लगे।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस जवानों ने सभी को बाहर निकालने की कोशिश की, इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि सीएसपी को अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। काफी देर तक चौकी परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।

अब इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्मृतिनगर चौकी के आरक्षक गोविंद साहू की रिपोर्ट पर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें 6 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि बाकी 6 की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है।

भिलाई सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

By editor