दुर्ग जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली अब हाईटेक होने जा रही है। ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ योजना के तहत जिले का पहला आधुनिक अन्नपूर्ति ग्रीन एटीएम भिलाई के सुपेला स्थित अंबेडकर नगर में स्थापित किया गया है, जिसका शुभारंभ आगामी 25 जुलाई तक किए जाने की तैयारी है।
राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल की शुरुआत दुर्ग के साथ रायपुर और बिलासपुर में भी एक साथ होगी। हाल ही में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने केंद्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
करीब 2.7 मीट्रिक टन क्षमता वाले इस ऑटोमैटिक अनाज एटीएम से हितग्राही 24 घंटे कभी भी अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए केवल राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद मशीन से निर्धारित मात्रा में चावल मिल जाएगा।
महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित इस व्यवस्था से राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी, घटतौली और भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी। वहीं प्रवासी मजदूरों और कामकाजी लोगों को अब राशन लेने के लिए अपनी दिहाड़ी छोड़ने की जरूरत नहीं होगी। वे अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।

