महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का झांसा

भिलाई के कुरुद इलाके में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सपना दिखाकर करीब 15 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

आरोप है कि विद्या साहू ने खुद को नगर निगम से जुड़ा बताकर गरीब महिलाओं को सरकारी योजनाओं, स्मार्ट मीटर और स्व-सहायता समूह में मुनाफे का झांसा दिया। इसके बाद महिलाओं के नाम पर निजी बैंकों से पर्सनल और मुद्रा लोन स्वीकृत करवाए गए।

लोन मिलते ही महिलाओं के एटीएम कार्ड, पासबुक और जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी ने पूरी रकम हड़प ली।

बैंक की किस्त वसूली के लिए कर्मचारी जब महिलाओं के घर पहुंचे, तब पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पीड़ित महिलाओं ने पार्षद के साथ थाने, SSP और कलेक्ट्रेट में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जामुल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विद्या साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और लोन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

By editor